शिमला, 05 मार्च : हिमाचल प्रदेश में पिछले 10 सालों में 16914 लोग लापता हुए हैं। इसमें से अब तक 15154 लोगों का तलाश जा चुका है तथा शेष 1760 व्यक्ति अभी भी लापता हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को विधानसभा में विशेष वक्तव्य में यह जानकारी दी।
उन्होंने प्रदेश पुलिस द्वारा कुल लापता व्यक्तियों में से 89.6 प्रतिशत लोगों की तलाश करने पर संतोष जताया। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश पुलिस और राज्य सीआईडी ने कोरोना काल में चलाए एक विशेष अभियान के दौरान प्रदेश के 531 लापता लोगों को ढूंढ निकाला है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान ढूंढे गए इन लोगों नें 317 महिलाएं, 158 पुरूष और 56 बच्चे शामिल हैं। इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस जिला बंदी में सबसे अधिक 97, शिमला जिले में 90, कांगड़ा जिले में 78 और मंडी में 55 व्यक्तियों का पता लगाया गया है। उन्होंने कहा कि लापता व्यक्तियों को खोजने के लिए चलाए गए विशेष अभियान के दौरान विभिन्न स्तरों पर खोज दल गठित किए गए। इन दलों ने आश्रय गृहों, प्लेटफार्मों, बस अड्डों और धार्मिक स्थलों में स्क्रीनिंग की, जिसमें यह सफलता मिली।