नाहन, 12 फरवरी : डाॅ. वाईएस परमार मेडिकल काॅलेज में वीरवार शाम आइसोलेशन वार्ड की पांचवी मंजिल से छलांग लगाने वाले बैंक कर्मी की पीजीआई चंडीगढ़ में मौत हो गई है। अब पुलिस के सामने बड़ा सवाल ये है कि आखिर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में सहायक प्रबंधक के पद पर तैनात शख्स से इस तरह का खौफनाक कदम क्यों उठाया। चूंकि मृतक संदीप पठानिया (41) कोरोना संक्रमित था। इसी कारण पुलिस को जांच में परेशानी का सामना करना पड़ा।
हालांकि आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन बताया जा रहा है कि आइसोलेशन वार्ड में दाखिल एक अन्य मरीज ने बैंक कर्मी को छलांग लगाने से रोकने का भरसक प्रयास किया। ऐसा भी बताया जा रहा है कि छलांग लगाने से पहले बैंक कर्मी ने अपनी आंखों को मास्क से ढक लिया था। बता दें कि मृतक की पत्नी भी कोरोना संक्रमित है, जो रामकुंडी स्थित अपने घर में ही आइसोलेट है। बीती शाम ही प्रारंभिक उपचार के बाद बैंक कर्मी को पीजीआई रैफर कर दिया गया था। मूलतः मंडी के जोगिंद्रनगर क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाला मृतक के अंतिम संस्कार को लेकर पीजीआई के प्रोटोकाॅल को फाॅलो करने की बात कही जा रही है।
उधर, हर कोई इस घटना से स्तब्ध है। इसी बीच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बबीता राणा ने पुष्टि करते हुए कहा कि छलांग लगाने की वजह का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बीती रात ही बैंक कर्मी का निधन हो गया था। एक अन्य जानकारी के मुताबिक छलांग लगाने के बाद बैंक कर्मी के शरीर से खून नहीं निकला था। भीतर ही गहरी चोटें आई। सुसाइड के इस खतरनाक तरीके से अस्पताल कर्मी भी हैरान हैं।