हमीरपुर, 12 जनवरी : निर्दलीय रूप से जीते वार्ड नंबर 7 के पार्षद पवन कुमार भाजपा में शामिल हो गए है। भाजपा समर्थित सभी विजयी पार्षद सविता कुमारी, नीता कुमारी, सुनीता और शकुंतला देवी के साथ पवन कुमार समीरपुर में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के साथ मिले और विधिवत रूप से भाजपा में शामिल हो गए। इस अवसर पर पवन कुमार को भाजपा का पटका पहनाया गया। सभी पार्षदों ने मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को इस जीत का श्रेय दिया। पूर्व मुख्यमंत्री ने सभी विजयी पार्षदों को उनकी जीत पर बधाई दी।
निर्दलीय पार्षद पवन कुमार के भाजपा में शामिल होने के बाद अब भाजपा पार्षदों की संख्या बढ़कर 5 हो गई है तथा नगर परिषद पर बहुमत हो गया। अब इस बात की प्रबल संभावना है कि शकुंतला देवी ही नगर परिषद की आगामी अध्यक्ष होगी जबकि पवन कुमार उपाध्यक्ष। उधर सुजानपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि पवन कुमार बिना शर्त भाजपा में शामिल हुए हैं। उन्होंने बताया कि पार्षदों की शपथ के बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के नामों के बारे में तय किया जाएगा।