नाहन, 8 जनवरी : करीब 12 साल से शहर के एक मंझले कारोबारी रिंकू जैन की कान्हा जी के प्रति गजब दिवानगी है। वृंदावन में कान्हा जी से जुड़ी कोई वस्तु उपलब्ध हो ओर इसकी भनक रिंकू को न लगे, ऐसा हो नहीं सकता। 2020 की जन्माष्टमी के बाद से कोई ऐसा त्यौहार नहीं रहा, जिसमें कान्हा जी से जुड़ी कोई खास चीज रिंकू न लाया हो। बेशक ही इसके लिए घाटे का सामना ही क्यों न करना पड़ा हो।
अब आपके जहन में निश्चित तौर पर एक सवाल उठेगा कि इस बार लोहड़ी पर क्या है खास। इसका जवाब ये है कि कान्हा के भक्त अपने इष्ट के साथ खास तरीके से लोहड़ी मना सकते हैं। एक खास पैकिंग उपलब्ध है, इसमें छोटी-छोटी लकड़ियों के साथ गजक मुंगफली तो है ही। साथ ही एक आकर्षक प्लेट है। इसमें ही लोहड़ी जलाई जाएगी। इसके पीछे वजह यह है कि ठाकुर जी जहां स्थापित हैं, वहीं लोहड़ी का दहन किया जा सकता है। रोचक बात यह है कि रिंकू इस बार भी ठाकुर जी के अलग-अलग रूपों को आकर्षक पोशाकों में लेकर आया है। इस बार भी रिंकू ने उसी पुरानी बात को दोहराया है कि सवाल, फायदे-नुक्सान का नहीं है, बल्कि वो ठाकुर जी के अनन्य भक्तों की सेवा करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि वो हर रोज वृंदावन से संपर्क में रहते हैं। वहां से जुड़े हरेक अपडेट को हासिल करते हैं, ताकि ऐतिहासिक शहर नाहन में भी कान्हा जी के भक्त उन वस्तुओं से वंचित न रहें, जो वृंदावन में उपलब्ध हैं। उनका कहना है कि हाल ही में उनके प्रयास के गलत मायने भी निकाल लिए गए थे। उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की कतई भी कोशिश नहीं थी। जनता जनार्दन हमेशा सर्वोपरि होती है। रिंकू का कहना है कि जैसे कान्हा जी के भक्तों के आदेश होंगे, वो उसके अनुरूप ही चलेंगे।