शिमला, 7 जनवरी : राजधानी में ऑनलाइन ठगी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। इस बार एक महिला ठगी का शिकार हुई है। ऑनलाइन कंपनी ने लिंक भेजकर महिला को 10 रुपये का भुगतान करने का झांसा दिया। महिला ने जैसे ही लिंक खोला, उसके बैंक खाते से एक लाख 47 हजार रुपये निकल गए। महिला के खाते से तीन बार पैसा विड्रो हुआ।
इतनी धनराशि का मैसेज देखकर महिला के होश फाख्ता हो गए। उसकी शिकायत पर छोटा शिमला पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले के अनुसार ब्रॉकहास्ट निवासी शिकायतकर्ता महिला ने एक कंपनी से ऑनलाइन कपड़े का सूट मंगवाया था। इस सूट की कीमत 869 रुपए थी। कुरिअर कंपनी के तहत 5 जनवरी को घर पर उनका ऑर्डर डिलीवर हुआ। पार्सल खोलने के बाद उन्हें सूट पसंद नहीं आया। उन्होंने इसे वापिस करने के लिए कंपनी की वेबसाइट से कस्टमर केयर का नंबर लिया और उस पर फोन किया।
इस नंबर पर कॉल करने के बाद कंपनी के प्रतिनिधि ने उन्हें कहा कि वह अपने मोबाइल फोन पर एनी डेस्क एप डाउनलोड करे। उन्हें सूट का बकाया ऑनलाइन ही कर दिया जाएगा। ये एप डाउनलोड कर महिला के मोबाइल पर लिंक आया। शातिरों के झांसे में आकर महिला ने उसके मोबाइल पर आया ओटीपी भी शेयर कर दिया। इसके बाद महिला के खाते से 1 लाख 47 हजार 69 रुपए उड़ गए। एसपी शिमला मोहित चावला ने पुष्टि कर कहा कि शिकायत के आधार पर आईपीसी की धारा-420 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।