नाहन, 6 जनवरी: सिरमौर के धारटीधार क्षेत्र के कांडो कांसर ने पंचायत के निर्विरोध गठन पर एक करोड़ की पेशकश ठुकरा दी है। हालांकि दिन भर इस पेशकश को लेकर समूचे इलाके के अलावा पंचायतघर के आसपास गहमा गहमी चलती रही। प्रधान पद के लिए 7 उम्मीदवारों ने पर्चे दाखिल किए थे। इसमें से चार ने दोपहर तक अपने नामांकन वापस ले लिए। अब तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें राम लाल, पंकज व कुश कुमार शामिल हैं। उप प्रधान पद के लिए वीर सिंह, जयपाल, संदीप कुमार, वीकेश कुमार व गौरव कुमार के बीच मुकाबला है। दो ने नामांकन पत्र वापस लिए।
बहरहाल, उद्योगपति एलडी शर्मा की पेशकश को खारिज किया गया है। हालांकि इस बाबत खबर प्रकाशित होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने लोगों को बार-बार यही सलाह दी कि अगर सर्व सम्मति बनने पर विकास कार्यों के लिए एक करोड़ की धनराशि मिलती है तो सर्व सम्मति बनाने में कोई हर्ज नहीं होना चाहिए। प्रयास में केवल एक यही बात हल्का सुकून देने वाली है कि सातों वार्डों में पंचों का चुनाव सर्व सम्मति से हुआ है।
बताया यह जा रहा है कि धारटीधार की दो पंचायतें निर्विरोध चुनी गई हैं, जो सरकार के 10 लाख रुपए के ईनाम की हकदार हो गई हैं। गौरतलब है कि मौजूदा पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव में शायद ये पहला ही ऐसा वाकया था, जब क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले किसी उद्योगपति ने सर्व सम्मति पर एक करोड़ की पेशकश की हो।
उधर कांडो कांसर पंचायत के एआरओ ने एमबीएम न्यूज नेटवर्क से बातचीत में कहा कि प्रधान पद के लिए तीन उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा उप प्रधान के पद पर 5 को चुनाव चिन्ह आबंटित किए गए हैं। उन्होंने इस बात की भी पुष्टि की कि सात वार्डों में सदस्यों का चयन सर्व सम्मति से हुआ है।