हमीरपुर, 04 जनवरी : उपमंडल भोरंज की ग्राम पंचायत पट्टा में प्रधान और एक वार्ड सदस्य को निर्विरोध चुना गया है। हालांकि, पंचायत में अन्य वार्डों, उप प्रधान, बीडीसी, जिला परिषद के लिए चुनाव होने हैं। लेकिन, ग्रामीणों ने पंचायत का मुखिया चुन कर मिसाल कायम की है। इसकी क्षेत्र भर में सराहना की जा रही है। नामांकन प्रक्रिया के दौरान पट्टा पंचायत प्रधान पद के लिए एक ही नामांकन दर्ज हुआ है, जो गीता देवी ने भरा है। गीता देवी वर्ष 2001 से ही पंचायती राज में अपनी सेवाएं दे रहीं हैं।
वर्ष 2001 से वर्ष 2005 तक वार्ड सदस्य, 2005 से 2010 तक पंचायत की प्रधान तथा वर्ष 2016 से 2020 तक पंचायत समिति की सदस्य रही हैं। इस बार उन्होंने ही प्रधान पद के लिए नामांकन दर्ज किया है। उनके विरोध में किसी ने भी नामांकन नहीं भरा है। जिससे वे निर्विरोध प्रधान चुकीं गई हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि गीता देवी के पंचायत में कार्य करने की कार्यशैली बहुत ही अच्छी है, जिससे ग्रामीणों ने उन्हें निर्विरोध चुना है। खंड विकास अधिकारी भोरंज मनोज कुमार ने कहा कि पट्टा पंचायत से प्रधान पद के लिए महज एक ही आवेदन आया है। इस कारण यह निर्विरोध चुनाव है।