सोलन, 30 दिसंबर : शहर में नववर्ष का जश्न फीका रहने वाला है। इसकी वजह साफ है। वैश्विक महामारी को लेकर रात 10 बजे के बाद जश्न मनाने की इजाजत नहीं होगी। पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं। शहर को 9 सैक्टरों में बांटा गया है। इसमें सुरक्षा की जिम्मेदारी 300 जवानों को सौंपी गई है। 31 दिसंबर व 1 जनवरी को सोलन पुलिस हाई अलर्ट पर रहेगी। ये जानकारी सोलन के एसपी अभिषेक यादव ने पत्रकारवार्ता के दौरान दी है।
उन्होंने बताया कि पुलिस चौपहिया व दुपहिया वाहनों की मदद से शहर में गश्त के दौरान पर्यटकों पर खास तौर पर नजर रखेगी। उन्होंने बताया कि किसी भी पर्यटक या स्थानीय निवासी की मदद के मकसद से हेल्पलाइन नंबर 01792-223836 व 226123 जारी किए गए हैं। उन्होंने पर्यटकों से भी हाईवे किनारे हुडदंग न मचाने की अपील की है। बहरहाल, समूचे प्रदेश में ही अलविदा 2020 व वैलकम 2021 का जोश ठंडा ही रहेगा।
वर्ष 2020 में सड़क हादसों में आई 30 प्रतिशत कमी, ओवरस्पीड के हुए 22 सौ ज्यादा चालान:
अभिषेक यादव ने कहा कि वर्ष 2020 में जिला में सड़क हादसों में 30 प्रतिशत तक कमी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि इस दौरान सड़क हादसों में घायलों की संख्या भी कम हुई है। वर्ष 2019 में सड़क हादसों में 250 लोग घायल हुए थे वहीं इस वर्ष इनकी संख्या 229 है व सड़क हादसों में मौते भी कम हुई है। उन्होंने कहा कि सड़क हादासे ओवरस्पीड के कारण ज्यादा होते है, इसके चलते पुलिस द्वारा ओवरस्पीड के मामले कम करने के लिए अभियान चलाया गया है। इसमें वर्ष 2020 में 22 सौ से ज्यादा वाहन चालकों के चालान किए गए। अभिषेक यादव ने बताया कि इस वर्ष एनडीपीसी एक्ट के तहत 95 मामले दर्ज करके 154 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि इस दौरान आठ किलो चरस व 450 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। वहीं आवकारी व कराधान के मामलों में भी बढ़ाेतरी हुई है।
कोरोना संक्रमण के नियमों का उल्लंघन करने पर इस वर्ष दौ सौ मामले दर्ज किए गए। बिना मास्क व शारीरिक दूरी का पालन न करने पर 2650 चालान किए गए। इस वर्ष कोरोना संक्रमण नियमों का उल्लंघन करने पर 18 लाख जुर्माना किया गया। जिला पुलिस द्वारा लोगों को 24 घंटो में पासपोर्ट वेरिफिकेशन के लिए स्कीम चलाई गई है।