शिमला, 28 दिसंबर : ठियोग उपमंडल के मतियाना क्षेत्र में आज बाद दोपहर एक कार के खाई में लुढ़कने से दो लोगों की मौत हो गई। दो अन्य गंभीर रूप से जख्मी हैं। मृतकों में एक महिला है। घायलों को सिविल अस्पताल ठियोग में भर्ती किया गया है। यह दुर्घटना केलवी-जदूण सड़क पर मार्ग पर नेरा नामक स्थान पर हुई। पुलिस के मुताबिक कार (एचपी09सी-7429) में चार लोग सवार थे।
नेरा के पास अचानक कार का संतुलन बिगड़ा और यह 200 फुट गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की शिनाख्त 22 वर्षीय हैप्पी निवासी गांव सोई और 60 वर्षीय गौरी देवी के रूप में हुई है। घायलों में 24 वर्षीय लोकेंद्र निवासी गांव सोई और 68 वर्षीय निर्मला देवी निवासी गांव कथोग शामिल हैं। कार को लोकेंद्र चला रहा था।
डीएसपी कुलविंद्र सिंह ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।