नाहन, 28 दिसंबर : सिरमौर के ट्रांसगिरी क्षेत्र में पंचायतों को निर्विरोध बनाए जाने का खासा उत्साह देखा जा रहा है। अब ताजा जानकारी में पनोग पंचायत में भी प्रधान व उपप्रधान के अलावा वार्ड सदस्यों पर सर्वसम्मति बनने की खबर है। मगर इसी बीच एक अहम जानकारी भी सामने आई है। इसके मुताबिक पंचायत 2006 से ही पंचायत के प्रतिनिधियों को सर्वसम्मति से चुन रही है। 2006 में सरोज पोजटा, जगत सिंह शर्मा उपप्रधान बने थे।
इसी तरह अगले 5 साल बाद 2011 के चुनाव में डूडू राम को प्रधान व गुमान सिंह को उपप्रधान चुना गया था। हालांकि उप प्रधान का चुनाव होने से ग्रामीणों में निराशा भी हुई थी, लेकिन आपसी भाईचारे में कोई कमी नहीं आने दी गई थी। 2016 के चुनाव में प्रताप सिंह को प्रधान व राजेंद्र सिंह पोजटा को उपप्रधान चुना गया। अब इस चुनाव में पंचायत ने सर्वसम्मति से सत्या देवी को प्रधान पद के लिए चुना है, जबकि सुरेश पोजटा को उप प्रधान का पद दिया गया है।
हालांकि पंचायतों के निर्विरोध चुने जाने की आधिकारिक पुष्टि नामांकन पत्र दाखिल होने के बाद ही पूरी होगी। लेकिन इतना जरूर है कि अगर पंचायतों के बुद्धिजीवी प्रयास करें तो निश्चित तौर पर पंचायतों के निर्विरोध होने का आंकड़ा सिरमौर का सबसे ऊपर हो सकता है। सोमवार को भी कई अन्य पंचायतों में भी सहमति बनाने की कोशिशें चल रही है। इसमें द ग्रेट खली की गृह पंचायत नैनीधार भी शामिल है, यहां से खली की भाभी भी प्रधान रह चुकी है। अब तक जिला में 10 पंचायतों ने प्रतिनिधयो को निर्विरोध चुने जाने का दावा किया है।