मंडी, 28 दिसंबर : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में दिसंबर माह में अचानक से बिगड़े मौसम के मिज़ाज के कारण सफेद चांंदी बिखर गई। इस ताजा हिमपात के कारण जिला के मैदानी क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों को ठंड से बचाव को लेकर अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। बर्फबारी होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और जिला में कई रास्ते बंद हो चुके हैं।
वहीं अचानक मौसम बिगड़ने से हुए भारी हिमपात के कारण परिवहन निगम की कई बसें भी फस गई हैं। कई गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है। ताजा हिमपात में जिला के शिकारी देवी, कमरुनाग, पराशर ऋषि, करसोग, थुनाग, जंजैहली, निहरी, मुरारी देवी, बदेहन, पंडार, चौकी और रोहांडा क्षेत्रों में जमकर ताजा हिमपात हुआ है। कई क्षेत्रों में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ने से लोग आग और हीटर का सहारा ले रहे हैं।
हिमपात वाली जगहों पर बिजली के खंभे गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है। बर्फबारी होने से जहां बागबानों ने राहत की सांस ली है तो कई क्षेत्रों में लोगों की समस्याएं भी बढ़ी है। वहीं जिला प्रशासन ने लोगों से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में नहीं जाने का आग्रह किया है।