नाहन, 27 दिसंबर : सिरमौर में पंचायत चुनाव में अब तक 7 पंचायतें निर्विरोध चुन ली गई है। फ़िलहाल ये तब तक दावा ही रहेगा जब तक नामकंन प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती। पांच में 4 नई पंचायते है। शिलाई विकास खंड की धारवा, पांवटा साहिब विकास खंड की भरली-आगरों, श्री रेणुकाजी विकास खंड की छौऊ भोगर, पच्छाद विकास खंड की शीनाघाट नए बनी पंचायतें है। जबकि पांवटा साहिब की टटियाणा पंचायत भी निर्विरोध चुन ली गई है। शुक्रवार को शिलाई के कोटी बौंच पंचायत को निर्विरोध चुनने के लिए दिन भर बैठकों को दौर चलता रहा। लेकिन अंतिम सहमति नहीं बनी है।
शिलाई विकास खंड की धारवा पंचायत में प्रधान व उपप्रधान का निर्विरोध चुनाव किया गया। पंचायत में प्रधान पद के लिए तीन प्रत्याशियों सुरेंद्र ठाकुर, अनिल ठाकुर व जोगिंदर ठाकुर के बीच प्रधान पद के लिए दावेदारी जताई जा रही थी। धारवा गांव के नंबरदार ठाकुर चमेल सिंह की अध्यक्षता में पंचायत के शामिल 9 गांव के ग्रामीणों ने अपना समर्थन जोगिंदर ठाकुर को दिया। बैठक में जोगिंदर ठाकुर को सर्वसम्मति से प्रधान व बंसीराम को उप प्रधान की कमान सौंपी गई।
पांवटा साहिब विकास खंड की नवगठित पंचायत भरली-आगरो पंचायत में सर्वसम्मति से रीना चौहान को प्रधान और रघुवीर सिंह पुंडीर को उप प्रधान चुन लिया गया है। श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र की नई बनी पंचायत छौऊ भोगर में प्रधान से लेकर वार्ड सदस्यों का चुनाव निर्विरोध कर लिया गया है। संगीता तोमर इस पंचायत की पहली प्रधान होंगी, जबकि रामानंद को उप प्रधान चुना गया है। इसके साथ ही पंचायत के सभी पांच वार्डों में भी सर्वसम्मति से सदस्य चुन लिए गए हैं।
पच्छाद विकास खंड की हाल ही में बनी शीनाघाट पंचायत में सर्वसम्मति से सुनीता कुमारी को प्रधान तथा सुभाष शर्मा को पंचायत उप प्रधान चुन लिया गया है। पांवटा साहिब विकास खंड की एक और पंचायत निर्विरोध चुनी गई है। ग्राम पंचायत टटियाणा में प्रधान पार्वती तथा उप प्रधान कपिल और बीडीसी सदस्य राजो देवी को चुन लिया गया है। शिलाई की बामल पंचायत में प्रधान पद पर गुमान सिंह के नाम पर सर्वसम्मति बनी है। जबकि बिशन सिंह को उप प्रधान घोषित किया गया है। इसके अलावा पावंटा साहिब खंड की टोरू डांडा में प्रधान व उप प्रधान के पद पर क्रमश कमला देवी व राम लाल पर सहमित बनी है। ये दोनों पंचायते भी नई है।
उधर कोटी बौंच में भी सर्वसहमिति बनने की उम्मीद है। जिला पंचायत अधिकारी अंचित डोगरा ने कहा कि कुछ पंचायतें के निर्विरोध चुने की जानकारी मिली है। मगर जब नामांकन प्रकिया समाप्त नहीं हो जाती और बीडीओ से आधिकारिक पत्र किसी भी पंचायत के निर्विरोध चुने जाने का नहीं मिल जाता, तब कुछ नहीं कहा जा सकता है।