ऊना, 23 दिसंबर : सदर थाना ऊना के तहत जनकौर में पेश आए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। जबकि महिला का 8 वर्षीय बेटा व बहन को चोटे आई हैं। मृतक महिला की पहचान जीवना देवी पत्नी जयचंद निवासी खेड़ा, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक पंजाब के खेड़ा का एक परिवार आबादा बराना में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचा हुआ था। बुधवार शाम करीब चार बजे खेड़ा (पंजाब) की युवती स्कूटी पर अपनी माता रजनी देवी, मासी जीवना देवी पत्नी जयचंद निवासी खेड़ा व जीवना के 8 वर्षीय बेटे सक्षम के साथ आबादा बराना से घर लौट रही थी। जनकौर गांव में पहुंचने पर स्कूटी की आगे चल रहे एक ट्रैक्टर के साथ टक्कर हो गई। हादसे में घायल रजनी देवी, जीवना व उसके बेटे को स्थानीय लोगों की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने जीवना देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्यों का उपचार जारी है।
एएसपी ऊना विनोद कुमार धीमान ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने जहां घायलों के ब्यान दर्ज किए, वहीं घटनास्थल का जायजा भी लिया।