कुल्लू, 21 दिसंबर : पुलिस ने एक चरस तस्करी के मामले में मुख्य सप्लायर की संपत्ति को सीज कर दिया है। व्यक्ति 25 अक्टूबर 2020 को कुल्लू पुलिस द्वारा पकड़े गए एक 3 किलो 510 ग्राम चरस मामले में मुख्य सप्लायर की भूमिका में था। पुलिस ने जब व्यक्ति की फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन की तो व्यक्ति के खाते से कुछ वर्षों में 22 लाख 78 हजार रुपए की ट्रांजेक्शन पाई गई और साथ में मणिकर्ण के पास पत्नी के नाम एक तीन मंजिला भवन बनाया हुआ है।
पुलिस अधीक्षक कुल्लू गौरव सिंह ने बताया कि व्यक्ति के पास इन्कम सोर्स कुछ भी नहीं है, जिसे इतनी ज्यादा संपत्ति एकत्रित की जा सके और खाते में इतनी अधिक ट्रांजेक्शन हो सके। ऐसे में पुलिस ने व्यक्ति के मकान सहित खाते को सीज कर दिया है। पुलिस ने व्यक्ति की 19 लाख 53 हजार 48 रुपए की संपत्ति को सीज कर दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने राज बहादुर नाम के व्यक्ति की संपत्ति को सीज किया है, जो अपनी पत्नी और 14 साल के बेटे के साथ मणिकर्ण में रहता है।
गर्व है कि 25 अक्टूबर को कुल्लू पुलिस ने 3 किलो 510 ग्राम चरस एक अल्टो कार से बरामद किया था, जिसमें कुलदीप सिंह पुत्र धर्म सिंह निवासी टोनी देवी हमीरपुर और केबल राज पुत्र चमन प्रकाश निवासी सरकाघाट जिला मंडी को गिरफ्तार किया था। छानबीन के दौरान एक अन्य व्यक्ति अमित कुमार बड़सर जिला हमीरपुर को भी गिरफ्तार किया गया था, जो अभी तक न्यायिक हिरासत में चल रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में आखिरी नेपाली मूल के आरोपी शोभाराम उर्फ राज बहादुर पुत्र भोजराम निवासी मणिकर्ण तहसील भुंतर जिला कुल्लू को भी गिरफ्तार किया था। उक्त व्यक्ति चरस मामले में मुख्य सप्लायर के रूप में काम कर रहा था। लिहाजा गिरफ्तार करने के बाद मुख्य सप्लायर कि जब संपत्ति की जांच की गई तो उसकी संपत्ति आय के अनुरूप नहीं पाई गई है। ऐसे में पुलिस ने व्यक्ति की संपत्ति को सीज कर दिया है।