शिमला, 20 दिसंबर : शहर को पानी की सप्लाई करने वाली गिरी परियोजना की पाइपलाइन भू-स्खलन के कारण टूट गई है। इसका राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में पानी की सप्लाई पर असर पड़ा है। पाइपलाइन को दुरुस्त करने का काम जारी है और रविवार शाम को पानी की आपूर्ति बहाल होने की संभावना है।
शिमला जल प्रबंधन निगम के अधिकारियों के मूताबिक-भेखलटी रोड के पास हुए भूस्खलन के चलते मेन रेजरवायर क्षतिग्रस्त होने से पाइपलाइन टूट गई। लैंडस्लाइड शनिवार को हुआ, इसके तुरंत बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे और पाइप बदलने का काम शुरू किया गया।
शिमला जल प्रबंधन निगम के एजीएम राजेश कश्यप ने बताया कि शहर में पानी की आपूर्ति आंशिक रूप से प्रभावित हुई है। पाइप बदलने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है और यथाशीघ्र जलापूर्ति बहाली का काम पूरा होने की उम्मीद है।
गौर हो कि शिमला शहर के बड़े हिस्से में पानी की सप्लाई गिरी प्रोजेक्ट से होती है। ये परियोजना शहर को 20 एमएलडी पानी की आपूर्ति करती है। गिरी नदी से पानी को लिफ्ट कर दो फेज में भेखलटी पहुंचाया जा रहा है। पहले चरण में 5400 मीटर ऊपर पानी पहुंचाया जाता है। वहां से दूसरे चरण में 2780 मीटर और ऊपर पानी भेखलटी पहुंचाया जाता है। फिर वहां से 23 किलोमीटर ग्रेविटी में पानी संजौली पेयजल टैंक में पहुंचता है। इसके बाद लोगों के घरों तक पानी की सप्लाई पहुंचती है।