सोलन (एमबीएम न्यूज़) : अंबुजा सीमेंट उद्योग दाड़लाघाट में चल रही कामगारों की हड़ताल समाप्त हो गई है। पिछले दो सप्ताह के अपनी आठ सूत्रीय जायज मांगों को लेकर अंबुजा कर्मचारी यूनियन सड़क पर आ गई थी। सोमवार की सांय चंडीगढ़ में उद्योग प्रबंधन और कर्मचारी यूनियन के बीच बैठक हुई। कई घंटों तक चली बैठक में उद्योग प्रबंधकों ने कामगारों रखी गई सभी मांगों पर चर्चा करने तथा उन्हें चरणबद्ध तरीके से पूरी करने का आश्वासन दिया है। इसके बाद ही कर्मचारी यूनियन ने हड़ताल को समाप्त करने का ऐलान किया।
गौर रहे कि अंबुजा सीमेंट उद्योग दाड़लाघाट में कार्यरत कर्मचारी अपनी आठ सूत्रीय मांगों को लेकर करीब दो सप्ताह पूर्व हड़ताल पर चले गए थे। कर्मचारी यूनियन के हड़ताल पर जाने से उद्योग में कारोबार ठप हो गया था तथा इससे उद्योग को करोड़ों रुपए के घाटा हुआ है। यूनियन की तरफ से उद्योग प्रबंधन के समक्ष आठ सूत्रीय मांग पत्र रखा गया था। शुरूआती दौर में उद्योग ने यूनियन द्वारा रखी गई मांगों को मानने से इंकार कर दिया था। इसके चलते यूनियन ने हड़ताल को उग्र कर दिया था।
मामले को शांत करने के लिए उद्योग प्रबंधन व कर्मचारी यूनियन के बीच कई बैठकें भी हुई,लेकिन सभी बेनतीजा ही रही। यूनियन द्वारा वर्षों पुराने कर्मचारियों को नियमित करने,उद्योग से निकाले गए तीन कर्मचारियों को वापस लेने व सालाना समझौता करने सहित आठ मांगे उद्योग प्रबंधन के समक्ष रखी गई थी। सोमवार को उद्योग प्रबंधन व कर्मचारी यूनियन के बीच चंडीगढ़ में बैठक हुई। बैठक में उद्योग प्रबंधन की तरफ से जनरल मैनेजर अविनाश वर्मा तथा कर्मचारी यूनियन की ओर से प्रधान लच्छी राम ठाकुर,महासचिव प्रदीप गौत्तम, सीटू के प्रदेश महासचिव कश्मीर सिंह ने भाग लिया।
कई घंटों तक दोनों पक्षों के बीच मसले को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान यूनियन पदाधिकारियों एवं उद्योग प्रबंधन के बीच नोंक-झोंक भी हुई,लेकिन बाद में उद्योग प्रबंधन यूनियन द्वारा रखी गई आठ सूत्रीय मांगों पर चर्चा करने के लिए राजी हो गया। इसके अलावा उद्योग प्रबंधन ने उद्योग से निकाले गए तीनों ही कर्मचारियों को वापस ले लिया है। यूनियन प्रधान लच्छी राम ठाकुर व महासचिव प्रदीप शर्मा ने बताया कि उद्योग प्रबंधन कर्मचारियों द्वारा रखी गई आठ सूत्रीय मांग पत्र पर चर्चा करने के लिए तैयार हो गया है। अब 18 दिसंबर को दोनों पक्षों के बीच इस संदर्भ में बैठक होगी।
उन्होंने बताया कि उद्योग प्रबंधन द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद ही यूनियन ने हड़ताल को समाप्त करने का निर्णय लिया है। मंगलवार से सभी कर्मचारी पूर्वोत्तर की भांति अपनी-अपनी ड्यूटी पर लौट गए हैं। उक्त आंदोलन में साथ देने के लिए वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुशील ठाकुर,अनिल गुप्ता, सीटू नेता कश्मीर सिंह व अन्य जनप्रतिनिधियों का यूनियन ने आभार व्यक्त किया है। साथ ही निकाले गए कर्मचारियों को वापस लेने पर यूनियन ने अंबुजा सीमेंट उद्योग प्रबंधन का धन्यवाद किया है।