नाहन (एमबीएम न्यूज): हिमाचल प्रदेश भाजपा के शीर्ष नेता व विधायक डॉ. राजीव बिंदल की कालाअंब जिला परिषद सीट पर सीधी प्रतिष्ठा दांव पर लगी है, क्योंकि इस सीट से अपने साथ साए की तरह रहने वाले सिपाहसलार व भाजपा कार्यकारिणी सदस्य विनय गुप्ता को अपना योद्धा बनाया है। पार्टी के करीब-करीब हरेक कार्यक्रम में विनय गुप्ता ही बिंदल के साथ नजर आते हैं। मुकाबले में कांग्रेस ने अपने मौजूदा जिला परिषद सदस्य रघुवीर ठाकुर को दंगल में उतारा है।
हालांकि इस सीट से बिंदल के एक ओर करीबी विनोज शर्मा भी टिकट की दौड़ में थे, लेकिन दांव विनय गुप्ता पर खेला गया है। इस जिला परिषद वार्ड में 12 पंचायतें हैं, इसमें कालाअंब, त्रिलोकपुर, कौलावालाभूड, पालियों, चाकली, बर्मापापड़ी, सतीवाला, बनेठी, क्यारी, नावणी(जमटा) व देवका पुडला है। सबसे बड़ी कालाअंब पंचायत है। इसमें 13 वार्ड हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में विनय गुप्ता ने धरती पुत्र का नारा देकर भाजपा का टिकट मांगा था। जहां तक पिछले दो चुनाव का सवाल है तो कांग्रेस के गठबंधन से ही प्रीत मोहन शर्मा चुनाव जीते थे।
इस दौरान प्रीत मोहन ने भाजपा छोड़ दी थी, लेकिन जीतने के बाद फिर दामन भाजपा का ही थाम लिया था। पिछला चुनाव कांग्रेस के रघुबीर सिंह ठाकुर ने कांटे की टक्कर में जीता था। इस चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी प्रीत मोहन को तीसरे स्थान पर रहना पड़ा था। वामपंथी विचारधारा के बलदेव ने कांटे की टक्कर में चुनाव हारा। अब यह साफ नहीं है कि इस बार भी बलदेव चुनावी दंगल में उतर रहे हैं या नहीं।
उधर त्रिलोकपुर से बीडीसी सदस्य अभय की भी चुनावी दंगल में उतरने की चर्चाएं चल रही हैं। अभय को पूर्व मंत्री श्यामा शर्मा का समर्थक माना जाता है। कुल मिलाकर यह तय है कि इस हॉट सीट पर कांग्रेस, हिलोपा व लोजपा की तिगड़ी का गठबंधन बनेगा, ताकि भाजपा प्रत्याशी को चुनाव जीतने से रोका जा सके।