ऊना, 02 दिसंबर: विस क्षेत्र हरोली के तहत खड्ड में आधी रात को एक पशुशाला में आग लग गई। आग लगने से पशुशाला के अंदर बंधी एक भैंस जिंदा जल गई। जबकि दो अन्य मवेशी बुरी तरह से झुलस गए। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम ने घटनास्थल पर पहुंच कर आग पर काबू किया। लेकिन आग की घटना में करीब डेढ़ लाख रुपये से अधिक का नुकसान आंका जा रहा है।
वहीं पुलिस ने भी मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी। अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। जानकारी के मुताबिक खड्ड निवासी नरेंद्र सिंह की पशुशाला में मंगलवार व बुधवार की रात को अचानक आग लग गई। टीनपोशनुमा पशुशाला में उठती आग की लपटों को देखकर स्थानीय लोगों ने शोर मचाया। जिसके बाद नरेंद्र सिंह ने पशुशाला में बंधे पशुओं को निकालने का प्रयास किया, लेकिन एक भैंस जिंदा जल गई, जिससे उसकी मौत हो गई। जबकि अंदर बंधे दो मवेशी झुलस गए।
इस दौरान नरेंद्र सिंह को भी चोटें पहुंची है। आग पर नियंत्रण पाने के लिए ग्रामीणों ने मदद की, लेकिन बढ़ती आग को देखते हुए दमकल विभाग को सूचना दी गई। जिसके बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर नियंत्रण पाया गया। आग की घटना में नरेंद्र सिंह का करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही पंडोगा पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। घरवालो के बयान दर्ज करते हुए आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का कुछ पता नही चल पाया है। मामले की पुष्टि डीएसपी हरोली अनिल मेहता ने की है।