संगड़ाह, 28 नवंबर : अंतरराष्ट्रीय मेला रेणुकाजी के दौरान स्थानीय पुलिस थाने में एसएचओ सहित पांच पुलिसकर्मियों का कोरोना पॉजिटिव पाया जाना मेला ड्युटी पर तैनात अन्य जवानों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। संगड़ाह के डीएसपी शक्ति सिंह ने बताया कि पॉजिटिव पाए गए 5 पुलिसकर्मियों में से 2 पुलिसकर्मी मेले में ड्यूटी दे रहे थे, जबकि 2 पुलिसकर्मी चौकी के हैं। वही रेणुका के एसएचओ भी पॉजिटिव पाए गए हैं।
मेले में ड्यूटी दे रहे दो पुलिसकर्मी प्रशासन के लिए चिंता का विषय बन गए हैं क्योंकि इन दिनों यहां अंतर्राष्ट्रीय मेला रेणुकाजी जारी है। मेले दौरान इस बार हालांकि कोविड एसओपी के चलते दुकानें नहीं लगी है तथा स्नान घाट पर भीड़ नहीं है, मगर फिर भी यहां मेला ड्यूटी के लिए अन्य स्थानों से काफी पुलिसकर्मी तैनात किए गए है।
मेले में तैनात पुलिस व होमगार्ड के जवानों के पॉजिटिव पाए गए पुलिसकर्मियों के संपर्क में आने की संभावना है तथा ऐसे में कानून व्यवस्था बनाए रखना भी चुनौती बना हुआ है। पुलिस प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग द्वारा पॉजिटिव पुलिसकर्मियों के पर्क में आए सभी पुलिसकर्मियों व उनके परिवार के लोगों के कोविड सैंपल करवाए जा रहे हैं।
डीएसपी संगड़ाह शक्ति सिंह ने बताया कि, कोरोना पॉजिटिव पाए गए पांचों पुलिसकर्मियों को आइसोलेट किया जा चुका है। साथ ही उन्होंने बताया की पॉजिटिव पाए गए 2 पुलिसकर्मी मेले में ड्यूटी दे रहे थे। उन्होंने कहा कि, पुलिस थाना रेणुकाजी को 48 घंटे के लिए सील किया गया है। पॉजिटिव लोगों के संपर्क में आए सभी जवानों के सैंपल करवाए जा रहे हैं।