ऊना, 28 नवम्बर : उपमंडल गगरेट की ग्राम पंचायत संघनेई के गांव काला पंगा में शुक्रवार बाद दोपहर एक रिहायशी मकान में अचानक लग गई। आग से रिहायशी मकान जलकर खाक हो गया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। हालांकि इस अग्निकांड की जानकारी मिलते ही दमकल दस्ते मौके पर पंहुचे और आग पर काबू पाया।
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक राजेश ठाकुर भी घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने पीडि़त परिवार को 10 हजार रुपये की आर्थिक मदद उपलब्ध करवाने के साथ प्रशासन को भी नुकसान का आकलन कर पीडि़त परिवार को फौरी राहत प्रदान करने के निर्देश दिए।
जानकारी अनुसार शुक्रवार को काला पंगा गांव के दो सगे भाइयों मच्छिंदर सिंह व गुलवंत सिंह के रिहायशी मकान में अचानक आग लग गई। जब तक कोई समझ पाता तब तक आग की लपटें भड़क उठीं। आग ने इतना समय भी नहीं दिया कि घर में रखा घरेलू सामान बाहर निकाला जा सके। इस अग्निकांड में घरेलू सामान, बर्तन, अनाज सब आग की भेंट चढ़ गया।
घटना की जानकारी मिलते ही अग्निशमन कर्मी अग्निशमन वाहन के साथ मौके पर पहुंचे और आग की लपटों पर काबू पाया, लेकिन तब तक अग्निकांड से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो चुकी थी।