कुल्लू (एमबीएम न्यूज़) : राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने आज कुल्लू जिला के बंजार उपमण्डल के कोटला गांव का दौरा कर कुछ समय पूर्व हुए अग्निकांड से प्रभावित परिवारों का कुशलक्षेम जाना। उन्होंने 77 प्रभावित परिवारों को 10,000 रुपये का चेक प्रति परिवार भेंट किया तथा 250 ऊन की जैकेटें प्रदान कीं। उन्होंने कहा कि पूरा प्रदेश दुःख की इस घड़ी में उनके साथ है तथा उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। आचार्य देवव्रत ने क्षेत्र के ग्रामीणों, स्कूल के विद्यार्थियों और महिला मण्डलों से भी वार्तालाप के दौरान विभिन्न स्थानीय मामलों के बारे जानकारी ली।
राज्यपाल ने कहा कि महिलाएं व बच्चे सामाजिक बुराई जैसे छुआछूत आदि को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसके लिए एक जागरूकता अभियान चलाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार व आस-पड़ोस में सभी को इस बारे शिक्षित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल सोच में बदलाव लाकर ही सुधार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सभी मानव एक समान है और उनके साथ जाति, नस्ल के आधार पर कोई भी भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए। आचार्य देवव्रत ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने को कहा। उपायुक्त कुल्लू राकेश कंवर ने राज्यपाल को जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों के लिए चलाए गए राहत कार्यों की जानकारी दी। राज्यपाल के सचिव पुष्पेन्द्र राजपूत, पुलिस अधीक्षक पदम चन्द, बंजार के उपमण्डलाधिकारी अश्विनी कुमार व जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी इस अवसर पर राज्यपाल के साथ थे।