बिलासपुर, 31 अक्तूबर : राष्ट्रीय उच्च मार्ग 205 चंडीगढ़- मनाली (Chandigarh-Manali Highway) पर स्वारघाट से करीब 12 किलोमीटर दूर भेडली स्थान पर एक ट्रक और कार में आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में कार सवार दो महिलाएं घायल हुई हैं।
घायल महिलाओं की पहचान शर्मिला जोशी (33) निवासी मुंबई और नीलिमा काले (44) निवासी अंधेरी वेस्ट मुंबई के रूप में हुई है। घायलों को पीएचसी स्वारघाट की 108 एंबुलेंस के माध्यम से प्राथमिक चिकित्सा केंद्र स्वारघाट लाया गया है। कार में चालक सहित चार लोग सवार थे, जिनमें से ये दोनों महिलाएं बुरी तरह से घायल हुई हैं। जबकि चालक व अन्य एक महिला सुरक्षित है। जानकारी के अनुसार मुंबई के टूरिस्ट एक टैक्सी (एचपी01-ए-2624) में शिमला व सोलन घूमने के बाद वापस मुंबई की तरफ जा रहे थे। भेडली स्थान पर स्वारघाट से बिलासपुर की तरफ जा रहे ट्रक नंबर (एचपी24-ए-4003) उनकी कार को सामने से टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक किसी अन्य वाहन को ओवरटेक करके तेज गति से आ रहा था। जिसके चलते यह हादसा हुआ है। दुर्घटनास्थल पर एक ट्रक पहले से खराब खड़ा था। जिसके चलते हादसे के बाद हाई-वे के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस थाना सदर बिलासपुर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जाम को खुलवाने के बाद आगामी कार्रवाई शुरू की। सभी घायलों का प्राथमिक चिकित्सा केंद्र स्वारघाट में प्राथमिक उपचार किया गया।