कुल्लू, 23 अक्तूबर : प्रदेश में हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) किन परिस्थितियों में यात्रियों को सुविधा उपलब्ध करवाता है और उन्हें उनकी मंजिल तक पंहुचाता है यह किसी से छुपा नहीं है। जान हथेली पर रखकर निगम के कर्मी ऐसे कठिन मार्गों से बसें निकालते हैं, जिन्हें देखकर आम लोग दांतों तले उंगली दबा लें। लेकिन कई बार यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निगम बस रूट भी कुछ समय के लिए बंद कर देता है। इसी कड़ी में केलांग ने किलाड़-चम्बा वाया साच पास मार्ग पर इस वर्ष की अंतिम बस सेवा चलाई गई। इस वर्ष किलाड़ चम्बा मार्ग का निरीक्षण 4 जुलाई को किया गया था और 6 जुलाई से इस मार्ग पर अपनी बस सेवा आरम्भ की थी। लगभग 110 दिन के पश्चात 23 अक्तूबर को साच पास पर बर्फबारी के बाद सुरक्षा की दृष्टि से यह बस सेवा बंद करने का फैसला लिया गया।
बता दें कि इस मार्ग पर प्रति वर्ष 15 अक्तूबर को बस सेवा बंद कर दी जाती है, मगर इस वर्ष मौसम को देखते हुए निगम ने पांगी प्रशासन के आदेशानुसार व मौसम अनुकूल रहने पर कुछ दिन और इस मार्ग पर अपनी सेवा प्रदान की है। हिमाचल पथ परिवहन निगम केलांग स्थित पांगी में कार्यरत अड्डा प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि साच पास पर शुक्रवार को ताजा बर्फबारी के बाद इस मार्ग पर बस चलाना यात्रियों की सुरक्षा की दृष्टि से ठीक नहीं है और इस मार्ग पर कभी भी भारी हिमपात होने का अंदेशा बना रहता है।
क्षेत्रीय प्रबंधक एमंगल मनेपा ने बताया कि शनिवार से इस मार्ग पर निगम आगामी वर्ष तक अपनी सेवाएं स्थगित रखेगा। उन्होंने बताया कि निगम पांगी घाटी में बेहतर परिवहन सेवा के लिए दृढ़ संकल्प है।