भुंतर, 22 अक्तूबर : जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर भुंतर में दो युवतियों की ब्यास में डूबने से मौत हो गई है। एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने बताया कि बीती रात को भुंतर थाना को जानकारी मिली थी कि राधा कृष्ण मंदिर भुंतर के नजदीक दो लड़कियों की नदी में बह गई है। अग्निशमन विभाग कुल्लू को घटना की जानकारी दी गई। रात को 22 वर्षीय अंजली पुत्री रामू का शव मिला। जबकि दूसरी लड़की अनु पुत्री रामू का शव नजदीक शाड़ाबाई नदी के किनारे मिला।
बताया जा रहा है कि डूबने वाली दोनों युवतियां सगी बहने थी। बड़ी बहन को बचाते हुए छोटी बहन अनु भी नदी में कूद गई। इसके बाद दोनों नदी में बह गई और दोनों की मौत हो गई। दोनों बहनों का पोस्टमार्टम क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में किया जा रहा है।
गौरतलब है कि रामू की दोनों बेटियां रात को शौच करने के लिए घर से बाहर नदी के किनारे गई थी। इस दौरान एक बहन का पांव फिसल गया और दूसरी उसे बचाने के लिए नदी में उतरी तो वह भी पानी में बह गई। जिस कारण दोनों वहनों की मौत हो गई।