कुल्लू, 10 अक्तूबर : जिला में आगजनी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को ही तीन स्थानों में आगजनी घटनाएं पेश आई इससे पहले हालांकि लगवैली और कोली बेहड में आगजनी घटना पेश आई थी। लेकिन अब कुल्लू के नथान गांव में भी एक अढ़ाई मंजिला मकान में अचानक आग लग गई। जानकारी के मुताबिक शनिवार दोपहर को नथान गांव में एक मकान में अचानक आग लग गई।
आग लगने का कारण मकान में खाना बनाते हुए चूहले में आग लगना बताया जा रहा है। मकान स्वर्गीय पोशु राम का है जिनमें उसकी धर्मपत्नी मनी देवी और उनकी पुत्री गंगा देवी उस मकान में रहते थे। आग देखकर परिजनों ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। इसके बाद ग्रामीण एकत्र हुए और आग बुझाने के लिए दमकल विभाग को सूचित किया। इसके बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का भरसक प्रयास किया। लेकिन तब तक आग ने मकान को अपनी चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों ने बताया गया कि दमकल विभाग की पूरी टीम मौके पर पहुंची। लेकिन मकान में आग इतनी तेजी से फैली की मकान को देखते देखते पूरी तरह से जल गया। आग से लाखों के नुक्सान का अनुमान लगाया जा रहा है।