हमीरपुर 4 अक्तूबर : उपमंडल भोरंज के विभिन्न गांवो में तेंदुओं के हमले दिन प्रतिदिन बढ़ते ही जा रहे हैं। ऐसे तो तेंदुआ पालतू कुत्तों या पालतू जानवरों को ही अपना शिकार बना रहा था लेकिन अब यह तेंदुए लोगों पर भी हमला कर रहे हैं। ऐसा ही मामला उपमंडल भोरंज के गांव बजड़ोह में देखने को मिला है। बजडोह गांव के जंगल के साथ लगती सड़क पर तेंदुए ने एक राहगीर मनोज कुमार पुत्र हरि दास गांव बधानी के ऊपर हमला कर दिया। मनोज कुमार शाम के समय लगभग 6:45 बजे अपने बेटे के साथ अपने ससुराल पैदल जा रहा था। उस समय सड़क के किनारे बैठे हुए तेंदुए ने मनोज कुमार के ऊपर हमला बोल दिया।
जिसमें मनोज कुमार के कपडे फट गए तथा टांग पर गहरा घाव कर दिया। मनोज कुमार ने हिम्मत जुटाते हुए तेंदुए को धक्का मार कर अपने से दूर कर दिया। उसके बाद तेंदुआ वहां से भाग खड़ा हुआ। इससे पहले भी एक बाइक सवार पर इस तेंदुए ने हमला किया था। ग्राम पंचायत बधानी के उप प्रधान विनोद कुमार ने विभाग को इसके बारे में सूचित कर दिया है तथा विभाग से उचित कार्यवाही करने की मांग की है ताकि भविष्य में कोई जानी नुकसान न हो। उधर इस संदर्भ में भोरंज वन बिभाग के बी ओ जगत राम ने बताया कि टीम को मौके पर भेजा गया है मामले की तफ्तीश की जा रही है। एक दो दिन में यहां पर तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाएगा दूसरी जगहों पर भी पिंजरे लगाए गए हैं लेकिन अभी कोई तेंदुआ पकड़ में नही आया है।