ऊना, 26 सितंबर : इंसानी जान की दुश्मन बनी वैश्विक महामारी कोविड-19 ने जिला में दो और लोगों को मौत की आगोश में सुला दिया है। विकास खंड गगरेट से संबंधित दो महिलाएं कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी। तबियत बिगडऩे पर एक महिला डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा व दूसरी महिला डेडिकेटिड कोविड अस्पताल धर्मशाला में उपचाराधीन थीं। वहीं पर इन्होंने अंतिम सांस ली। जिला में कोविड-19 के चलते काल का ग्रास बनने वालों की संख्या 12 हो गई है।
विकास खंड गगरेट के मंदवाड़ा गांव की 45 वर्षीय महिला हेपीटाइटिस-बी से पहले ही बीमार थी।
जालंधर के एक निजी अस्पताल में उपचार लेने पहुंची इस महिला का वहां कोविड-19 के लिए टेस्ट लिया गया तो यह पॉजिटिव पाई गई। हालांकि रिपोर्ट आने से पहले यह घर आ गई थीं। 21 सितंबर को इनकी तबियत बिगड़ने पर इन्हें कोविड अस्पताल हरोली शिफ्ट किया गया और वहां पर इनकी नाजुक हालत को देखते हुए डाक्टर राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रैफर कर दिया गया। वहां पर उपचार के दौरान इन्हें बचाया न जा सका। इनकी सास भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं।
उधर जाड़ला कोयड़ी गांव में अपनी बेटी के पास आई पंजाब के फिरोजपुर की एक साठ वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई। ये बीमारी की अवस्था में सिविल अस्पताल उपचार के लिए पहुंची। तो इन्हें यहां दाखिल कर लिया लेकिन जब इनका कोरोना टेस्ट लिया गया तो ये पाजिटिव पाई गईं। इन्हें भी कोविड अस्पताल हरोली शिफ्ट किया गया था। इसके बाद इनकी बेटी भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई। हरोली में महिला की तबीयत बिगडऩे पर इन्हें कोविड अस्पताल धर्मशाला शिफ्ट कर दिया गया और बेटी को भी इनकी देखभाल के लिए साथ भेजा गया था। वहीं पर इस महिला ने भी अंतिम सांस ली। सीएमओ डा. रमन कुमार ने बताया कि जिला की दो महिलाओं की उपचार के दौरान मौत हुई है। दोनों कोरोना पॉजिटिव थीं। इनके शव को लाने के लिए एंबूलेंस रवाना की गई है।