सोलन, 13 सितम्बर : उपमंडल नालागढ़ के पहाड़ी क्षेत्र रामशहर के गांव भियुखरी में मादा तेंदुए को गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। शिकारियों ने शुक्रवार रात वारदात को अंजाम दिया। फॉरेस्ट विभाग व पुलिस को सूचना मिली कि जंगल में तेंदुआ मरा हुआ पाया गया है। सूचना के तुरंत बाद फॉरेस्ट विभाग व थाना रामशहर से पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना रामशहर में वन्य संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज कर दिया गया है। फॉरेस्ट व पुलिस विभाग मिलकर संयुक्त जांच में जुट गया है तथा आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गयी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत भियुखरी के सड़क किनारे जंगल में करीब डेढ़ से दो साल की मादा तेंदुए को गोली मारकर जख्मी कर दिया गया था, जिसे शिकारी तलाश नही पाए। जब शुक्रवार को गांव के किसी व्यक्ति ने तेंदुए को देखा तो पुलिस व फॉरेस्ट को सूचित किया। मादा तेंदुए के शरीर पर छर्रा गोली के निशान पाए गए। फॉरेस्ट विभाग की टीम ने मौके पर जाकर तेदुएं का पोस्टमार्टम शुरू किया। जिसमें पाया गया कि तेदुएं को गोली से मारा गया है। विभागीय कार्रवाई के बाद फॉरेस्ट व पुलिस विभाग की टीम ने नियमों के तहत तेदुएं का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
डीएफओ नालागढ़ यशुदीप सिंह का कहना है कि एक मादा तेंदुआ को गोली मारकर मारने का मामला सामने आया है। पोस्टमार्टम में खुलासा हुआ है कि छर्रा गोली से मारा गया है। पुलिस के साथ मिलकर फॉरेस्ट विभाग जांच में जुटा हुआ है। थाना रामशहर में मामला दर्ज कर लिया गया है। वन्य अधिनियम 1972 के तहत इस अपराध में कम से कम सात साल की सजा का प्रावधान है, जिसने भी अपराध किया है उसे जल्द ही गिरफ्त में लिया जाएगा।
https://youtu.be/teTflR64R4E