मंडी, 9 अगस्त : हिमाचल प्रदेश में मंडी के गोहर विकास खण्ड की पंचायत ग्राम पंचायत “घरोट” ने न केवल प्रदेश, बल्कि देश के लिए भी एक अनुकरणीय उदाहरण पेश किया है। शायद, आप यह जानकर चौंक जाएंगे कि यहां लोगों ने ही वाहन योग्य 81 मीटर लंबा पुल तैयार कर दिया है। इसकी कीमत करोड़ों में नहीं बल्कि 21 लाख रूपए है। सामग्री की गुणवत्ता भी उच्च स्तरीय रही। किसी ग्राम पंचायत द्वारा निर्मित ये प्रदेश का दूसरा सबसे लंबा पुल हो सकता है।
ग्राम पंचायत घरोट ने ब्रोखडी खड्ड पर 81 मीटर लंबा वाहन योग्य पुल जनता को समर्पित कर दिया है। निर्माण से घरोट पंचायत के ब्रोखड्डी, धारली, कोट, धनोड़, ठारु,टिककरी इत्यादि गांवों के लगभग 1300 लोगों को फायदा मिलेगा ,जो अब गोहर-करसोग सड़क से जुड़ गए है।
पुल के निर्माण पर कुल 21 लाख रुपए की राशि का प्रावधान अलग अलग मदो से हुआ। 5 लाख रुपये को 14वें वित्त आयोग से जुटाया गया। इसके अलावा 5 लाख रुपए मनरेगा के तहत खर्च हुए। 6 लाख रुपए योजना मद से व 5 लाख रुपये विकास में जन सहयोग मद के तहत व्यय किए गए हैं।
पुल निर्माण का श्रेय पंचायत प्रधान सत्य प्रकाश, उपप्रधान हुकुम चन्द, के अलावा समस्त वार्ड सदस्यों, कनिष्ठ अभियंता नवीन, पंचायत सचिव तेगू राम, तकनीकी सहायक डोला राम व ग्राम रोज़गार सेवक दीवान को मिला। सहायक अभियंता सूरज मणि के मार्गदर्शन से इस निर्माण को अंजाम दिया है।