शिमला, 31 जुलाई : हिमाचल भाजपा के नव नियुक्त अध्यक्ष (Himachal BJP Chief) सुरेश कश्यप पदभार संभालने के बाद पहली बार आज राजधानी में मीडिया से मुखातिब हुए। होटल पीटरहाॅफ (Peterhoff) में प्रेस वार्ता (Press Conference) को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि साल 2022 में भाजपा को हिमाचल में फिर काबिज करना उनका मुख्य लक्ष्य है और इसके लिए वह पार्टी को सुदृढ़ करने के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन में किसी तरह का कोई फेरबदल नहीं होगा। कार्यकारिणी को नहीं बदला जाएगा। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त नियुक्तियां की जाएंगी। वे सबको साथ लेकर चलेंगे। उन्होंने इस बात को भी नकारा कि हिमाचल भाजपा में किसी तरह की कोई गुटबाजी है।
कहा कि अगर गुटबाजी होती, तो पिछले विस चुनाव में भाजपा को 44 सीटें नहीं मिलतीं और न ही लोस चुनाव में चारों संसदीय सीटों पर भाजपा प्रत्याशी रिकार्ड मतों से जीत हासिल करते। भाजपा विधायक दल की पिछले कल हुई बैठक में तीन-चार वरिष्ठ विधायकों के नदारद रहने के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि कुछ विधायक निजी कारणों से बैठक में नहीं आ सके। इसमें नाराजगी वाली कोई बात नहीं है। भाजपा में सभी लोग एकजुट हैं और सभी मिलकर पार्टी को आगे बढ़ाएंगे।
सुरेश कश्यप ने कांग्रेस पर भी हमला बोला। कहा कि कोरोना के दौर में कांग्रेस पार्टी की तरफ से निराधार बयानबाजी की जा रही है। लाॅकडाउन लगने पर कांग्रेस ने बाहरी राज्यों में फंसे लोगों को वापिस बुलाने की मांग उठाई। जब जयराम सरकार ने बाहरी लोगों को यहां लाना शुरू किया, तो कांग्रेसी इसका विरोध करने लग पड़े। उन्होंने कहा कि पूरा प्रदेश कोरोना से लड़ रहा है और इस परिस्थिति में कांग्रेसी भी अपना योगदान दें।
Latest
- विक्रमादित्य बोले वोकल फॉर लोकल, इम्पोर्टिड चीजों की हो जाती है एक्सपायरी
- धर्मशाला : निर्वाचन के दौरान किसी भी प्रकार की रिश्वत लेने व देने से बचें : डीसी
- 4 से 8 मई तक हिमाचल प्रवास पर होगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
- बच्चों ने पढ़ाते हुए वीडियो बना किया वायरल, गुस्साई अध्यापिका ने क्लास को छुरी दिखा धमकाया
- पांवटा साहिब : शिव मंदिर में ब्राह्मण सभा की बैठक, परशुराम जयंती की तैयारियों पर हुई चर्चा