शिमला, 22 जुलाई : सूबे में कोरोना महामारी का प्रकोप हर बीतते दिन के साथ गंभीर होता जा रहा है। राज्य में बुधवार कोरोना के 50 नए मामलों की पुष्टि हुई। शिमला भी अब कोरोना से कांपने लगा है। राज्य सचिवालय में मुख्यमंत्री कार्यालय के उपसचिव के पाॅजिटिव मिलने से नौकरशाहों से लेकर सरकार तक हड़कंप मच गया है। हालांकि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित उनके परिवार के चार सदस्यों की कोरोना रिपोर्ट नैगेटिव आई है। सचिवालय में उपसचिव के पाॅजिटिव पाए जाने के बाद मुख्यमंत्री तमाम कार्यक्रम रदद कर होम क्वारंटाइन के लिए अपने आवास ओकओवर लौट गए थे।
इस बीच रात 9 बजे के हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक शिमला में आज कुल 23 पाॅजिटिव केस सामने आने से मुश्किलें बढ़ गई हैं। इनमें 18 मामले अप्पर शिमला के रोहड़ू उपमंडल से हैं। रोहड़ू उपमंडल के मैंहदली में सेब सीजन के लिए पहुंचे 17 मजदूर और एक बागवान की रिपोर्ट पाॅजिटिव आई है। ये सभी कुछ दिन पहले मैंहदली में पाॅजिटिव पाए गए दो प्रवासी मजदूरों के सपंर्क में आए थे। एसडीएम रोहड़ू बीआर शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। वहीं 3 पाॅजिटिव मामले शिमला शहर और 2 आसपास के बताए गए हैं। एक साथ इतने मामले सामने आने से जिला प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए हैं वहीं भविष्य को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। अहम ये है कि शिमला जिला में कोरोना ने शतक लगा दिया है। अब तक 120 मामले दर्ज किए जा चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक सोलन जिला कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित है। इस जिले में अब तक 391 पाॅजिटिव मामले दर्ज किए जा चुके हैं। कांगड़ा जिला में यह आंकड़ा 359, हमीरपुर में 286, उना में 171, सिरमौर में 130, शिमला में 120, चंबा में 84, बिलासपुर में 66, मंडी में 53, किन्नौर मे 39, कुल्लू में 22 और लाहौल-स्पीति में 4 है।