शिमला,21 मई : राजधानी में एक विधवा महिला को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता कांगड़ा की मूल निवासी है और वर्तमान में शिमला में किराए के कमरे में रह रही है। महिला ने शिमला के एक रेस्टोरेंट में काम करने वाले व्यक्ति पर शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने कहा है कि आरोपी ने शादी का झूठा दिलासा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और अब शादी करने से मना कर रहा है।
पीड़िता की रिपोर्ट पर महिला थाने में आरोपी मिना राम के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल करवाया है। जानकारी के मुताबिक पीड़िता के पति का कई साल पहले निधन हो गया था। पीड़िता शिमला में प्राइवेट नौकरी कर रही है।
पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ आईपीसी की संगीन धाराओं 376(2)एन में मामला दर्ज हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।