हमीरपुर : उपमंडल की पंचायत बड़ा में वर्तमान समय में तेंदुए की दहशत से पंचायत निवासी काफी सहमे हुए हैं। ये तेंदुआ न केवल लोगों के घरों में घूमता हुआ देखा जा रहा है, बल्कि कई लोगों को रास्तों में भी मिल रहा है। पंचायत के निवासी संजीव कुमार, सोनू, विजय, मनोज, पवन, जीत राम, अशोक कुमार,आदि ने बताया कि तेंदुए के इस तरह से घूमने से लोगों में भय का काफी माहौल व्याप्त है। अब उन्हें अपने घरों से बाहर निकलने में भी डर लग रहा है। घर की औरतें पशुओं को खेतों से चारा लाने के लिए भी डर रही हैं।
यही नहीं, सपडोह पंचायत के गांव तुरंगाल में भी लोगों को तेंदुए के सरेआम घूमने की शिकायतें मिली हैं। बड़ा पंचायत वासियों का कहना है कि हमने इसकी शिकायत पंचायत प्रधान से भी की है और समस्या का अतिशीघ्र निवारण करने का आग्रह किया है। ग्राम पंचायत बड़ा के प्रधान अशोक कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि लोगों की तेंदुए के मिलने की शिकायतें उन्हें प्राप्त हुई है। उन्होंने इस बारे वन विभाग के अधिकारियों को सूचित कर दिया है। अतिशीघ्र समस्या को हल करने की मांग की है।
वहीं वन विभाग के धनपुर बीट के फॉरेस्ट गॉर्ड चमन लाल ने इस संदर्भ में कहा कि लोगों की समस्या को अतिशीघ्र हल करने के लिए बड़ा पंचायत में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाएगा, ताकि तेंदुए को पकड़ कर लोगों में फैले दहशत के माहौल पर विराम लग सकें।