शिमला,20 जुलाई :जिला में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की बढ़ रही तादाद को लेकर प्रशासन चिन्तित नजर आ रहा है। रोहड़ू उपमंडल में सोमवार सुबह दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों प्रवासी मजदूर हैं। सेब सीजन के लिए 11 दिन पहले वे उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ से आए थे। दोनों मेंहदली में होम क्वारंटाइन में रह रहे थे। इनके पॉजिटिव निकलने से प्रशासन ने मेंहदली बाजार को आगामी आदेशों तक सील कर दिया है। हालांकि शिमला-रोहड़ू एनएच पर वाहनों की आवाजाही जारी रहेगी।
रोहड़ू के एसडीएम बीआर शर्मा ने बताया कि पॉजिटिव पाए गए दो व्यक्ति गत 9 जुलाई को आजमगढ़ से मेंहदली पहुंचे थे और होम क्वारन्टीन में हैं। इनमें एक कि आयु 24 वर्ष और दूसरे की 55 वर्ष है। दोनों सेब सीजन में मजदूरी के लिए आये थे। इन्हें कोविड केयर केंद्र में शिफ्ट किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एहतियात के तौर पर मेंहदली बाजार को सील कर दिया गया है।
बता दें कि 3 दिन पहले शिमला के बालूगंज बाजार को प्रशासन ने सील किया था। यहां कोरोना के 5 पॉजिटिव केस मिले थे। शिमला में अब कोरोना संक्रमण का आंकड़ा 73 पहुंच गया है। इनमें एक्टिव मामले 27 हैं। 43 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हुए हैं। वहीं 2 की मौत हुई है।