मंडी (एमबीएम न्यूज): सीटू से संबंधित एमजी कंस्ट्रक्शन सडक़ निर्माण यूनियन 19 नवंबर को अपनी मांगों के लिए हड़ताल करेगी। गौरतलब है कि एमजी कंस्ट्रक्शन कंपनी पिछले दो सालों से जिले के सरकाघाट से बिलासपुर के घुमारवीं तक बन रहे सुपर हाइवे का निर्माण कर रही है।यह जानकारी देते हुए सीटू के जिला प्रधान भूपेंद्र सिंह ने बताया कि यह कंपनी मजदूरों से आठ घंटे की बजाय 12 से 14 घंटे काम ले रही है मगर मजदूरी केवल आठ घंटे की ही इन्हें दी जा रही है। इसके विरोध में 7 अप्रैल को कंपनी तथा श्रम अधिकारी को एक मांग पत्र सौंपा गया था।
जिस पर श्रम अधिकारी मंडी ने 16 अप्रैल को पहली सुनवाई की थी और इसके बाद पांच बार इस मांग पत्र पर पांच बार इस मांगपत्र पर सुनवाई करके कंपनी को ओवरटाइम और रविवार के दिन करवाए कार्य के बदले नियमानुसार दोगुणा मजदूरी अदा करने के आदेश दिए थे। मगर कंपनी ने बार बार लंबित ओवर टाइम की राशि मजदूरों को अदा नहीं कर रही है। इस कारण से अब यूनियन ने श्रम कानूनों के अनुसार कंपनी को नोटिस देकर 19 नवंबर को हड़ताल करने का निर्णय लिया है।
यूनियन प्रधान रूप लाल, उपप्रधान पवन कुमार, सचिव राजेश कुमार और सीटू के जिला प्रधान भूपेंद्र सिंह तथा सरकाघाट कमेटी के प्रधान सुरेश राठौर व मुनीष शर्मा ने बताया कि एमजी कंपनी श्रम कानूनों के अनुसार मजदूरों को वेतन व सुविधाएं नहीं दे रही है। इस बारे में श्रम अधिकारी कई बार निर्देश दे चुके हैं मगर फिर भी इन्हें लागू नहीं किया जा रहा है। यह भी चेतावनी दी गई कि इस एक दिवसीय हड़ताल के बाद भी यह कंपनी ने लंबित मांगों को पूरा नहीं किया जो मजदूर लंबी हड़ताल पर चले जाएंगे। इसकी सारी जिम्मेवारी कंपनी, श्रम विभाग व जिला प्रशासन की होगी।