राजगढ़ : उपमंडल के खैरी में गत 18 जून को हुई एक वृद्ध व्यक्ति की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतक बुजुर्ग के साथ शराब पीने वाला शख्स ही उसका हत्यारा निकला। पुलिस के अनुसार पहले दोनों ने साथ में बैठकर शराब पी। इस दौरान दोनों में किसी बात को लेकर कहा सुनी हुई। पुलिस ने यमुनानगर के छछरोली निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान राजपाल के रूप में हुई है। आरोपी खैरी के एक होटल में काम करता है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी पिछले 20 साल से खेरी मे रह रहा था। इस ब्लाइंड मर्डर को सुलझाने में पुलिस को काफी मेहनत करनी पड़ी।
बता दे कि 18 जून को खैरी में मांगन निवासी भाग सिंह (72) का खून से लथपथ शव मिला था। पुलिस थाना राजगढ से मिली जानकारी के अनुसार मृतक भाग सिंह और राजपाल दोनों इकट्ठे शराब पीते थे। उस दिन भी इन्होंने पहले शराब पी। उसके बाद दोनों में कहा सुनी हुई। बाद में रात को मृतक भाग सिंह, राजपाल के पास आया और उसके साथ गाली गलौच करने लगा। इस पर राजपाल ने गुस्से में आकर उसे पत्थर मारा, जिससे उसकी मौत हो गई।
इस ब्लाइंड मर्डर को सुलझाने में थाना प्रभारी बलदेव ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस दल ने बेहतरीन कार्य किया और सभी कड़ियों को जोड़कर हत्या करने वाले राजपाल को गिरफ्तार किया। राजपाल घटना वाले दिन ही भाग गया था और दो दिनों बाद स्वयं वापस आया। इससे पुलिस को उस पर शक हुआ। पुलिस ने जांच को उस दिशा में लेकर आगे बढ़ाया। आखिर पुख्ता सबूत एकत्रित करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी भीष्म ठाकुर ने बताया कि उसे बुधबार को अदालत में पेश करके तीन दिन केे पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।