शिमला : हिमाचल प्रदेश में कोरोना महामारी अब बेकाबू होने लगा है। बीते 24 घंटों के दौरान 7 जिलों में 31 नए मामलों की पुष्टि हुई है। अकेले हमीरपुर जिला में 16 मरीज मिले। इसके अलावा चंबा में 4, ऊना, सोलन व कांगड़ा में 3-3, बिलासपुर व शिमला में एक-एक मामला पाया गया है। इन्हें मिलाकर कोरोना संक्रमितों की संख्या 806 पहुंच गई है। इनमें एक्टिव मामले 321 हैं। आज छह जिलों में 34 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हुए हैं। अब तक 466 संक्रमित ठीक हो चुके हैं। राजधानी शिमला में आज लगातार तीसरे दिन कोरोना का एक नया मामला आया। संक्रमित मरीज दिल्ली से लौटने के बाद संस्थागत क्वारेंटाइन पर है।
राज्य में कोरोना के लगातार बढ़ रहे मामलों ने शासन-प्रशासन की भी चिंता बढ़ा दी है, वहीं प्रदेशवासी भी सहमे हुए हैं। पिछले तीन दिनों में कोरोना के 133 मामले आए हैं। हमीरपुर में हर रोज कोराना का विस्फोट हो रहा है। तीन दिनों में यहां 55 मरीजों की पुष्टि हुई हैं। राज्य में यह सबसे ज्यादा प्रभावित है। 806 में से 221 मामले अकेले हमीरपुर जिले में हैं। कांगड़ा में संक्रमितों की संख्या 211 है। ऊना जिला में कोरोना के मामले शतक के बेहद करीब पहुंच गए हैं। ऊना में अब तक 99 मामले हैं। सोलन में कोरोना मामलों की संख्या 84, चंबा में 50, बिलासपुर में 38, शिमला में 37, सिरमौर में 34, मंडी में 24, कुल्लू में 5 और किन्नौर में 3 है।
राहत की बात यह रही कि आज 34 मरीज कोरोना को मात देकर ठीक हुए हैं। उना जिला में सबसे ज्यादा 14 मरीजों ने जंग जीती है। वहीं सोलन में 11 मरीज ठीक हुए। इसके अलावा शिमला व हमीरपुर में 3-3, कांगड़ा में 2 और मंडी में एक मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हुए।