चंबा : पियुहरा पंचायत में 16 वर्षीय युवक सहित एक महिला का कोरोना सैंपल रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 16 वर्षीय युवक की तीन दिन पहले ही मौत हुई थी। बताया जा रहा है कि 16 वर्षीय युवक परीक्षा में कंपार्टमेंट आने को लेकर भी कुछ तनाव में था। अहम बात यह है कि वो कंटेनमेंट जोन से बाहर नहीं आया था। चूंकि शव का अंतिम संस्कार हो चुका है, लिहाजा विभाग को कुछ परेशानियों का सामना भी करना पड़ सकता है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवक की मौत के बाद सैंपल लिए गए थे, जो पॉजिटिव आए हैं। स्वास्थय विभाग ने एहतियात के तौर पर मृतक का सैंपल लिया था। अब स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। साथ ही पंचायत में हड़कंप मच गया है। मृतक युवक का सैंपल पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने टीम को मौके पर भेजा है। टीम परिजनों से युवक से संबंधित जानकारी जुटा रही है। कोरोना पॉजिटिव आई 45 वर्षीय महिला को उपचार के लिए कोविड-केयर सेंटर बालू लाया जा रहा है। आंकड़ा 38 पहुंच गया है। 27 लोग ठीक भी हुए है।
बताया यह भी जा रहा है कि करीब आठ माह पहले युवक को कुत्ते ने भी काटा था। यह जानकारी परिजनों से विभाग को मिली है। युवक में कोरोना के कोई लक्षण भी नहीं पाए गए थे। कोरोना पॉजिटिव मरीज 75 फीसदी रेट से स्वस्थ हो रहे है। गौरतलब है कि उक्त पंचायत को पहले ही प्रशासन ने सील किया है। कर्फ्यू की पालना के लिए पुलिस भी मुख्य मार्ग पर तैनात है। इससे पहले तीन पॉजिटिव मामले सामने आए थे। एक व्यक्ति यहां नोएडा से लौटा था।
सीएमओ डॉ. राजेश गुलेरी ने बताया कि एक 45 वर्षीय महिला व 16 वर्षीय युवक (जिसकी तीन दिन पहले मौत हो चुकी है) की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने कहा कि विभाग ने एहतियात के तौर पर युवक का सैंपल लिया था, जो अब पॉजिटिव आया है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि वे घबराएं नहीं, तमाम स्थिति नियंत्रण में है। इसी बीच डीसी विवेक भाटिया ने एमबीएम न्यूज़ से बातचीत में कहा कि जांच के बाद ही किसी अंतिम नतीजे पर पहुंचा जा सकता है, अलबत्ता यह सही है कि मौत के बाद 16 साल के लडके की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।