ऊना : जिला में रविवार रात सात नए कोरोना वायरस संक्रमित सामने आए हैं। इनमें बंगाणा उपमंडल के बौट गांव से एक ही परिवार की 4 महिलाएं भी शामिल हैं। जिनमें से एक 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला है जबकि 16 वर्षीय बालिका भी शामिल है। इसके अलावा इसी परिवार में एक 50 वर्षीय महिला और एक 19 वर्षीय युवती शामिल है। इसके अतिरिक्त उपमंडल अंब के भैरा गांव की 55 वर्षीय महिला भी संक्रमित पाई गई है। यह पांचों महिलाएं कांटेक्ट ट्रेसिंग के आधार पर सैंपलिंग में शामिल की गई थी। जिनकी टेस्टिंग पॉजिटिव पाई गई है।
इसके अलावा नगर पंचायत मेहतपुर बसदेहड़ा के वार्ड नंबर 6 निवासी 43 वर्षीय पुरुष पॉजिटिव पाए गए हैं, वह गुडगांव से लौटे थे। जबकि गगरेट उपमंडल के मरवाड़ी गांव के 17 वर्षीय युवक में भी कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हो गई है। यह युवक दिल्ली से लौटा था। एक ही परिवार से पॉजिटिव पाई गई 4 महिलाओं के मामले में जिला प्रशासन भी उहापोह की स्थिति में आ गया है। इनमें से पॉजिटिव पाई गई 90 वर्षीय महिला को स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइंस के मुताबिक होम आइसोलेशन में रखा जाना है। लेकिन घर के अन्य सभी लोग भी पॉजिटिव पाए गए हैं। ऐसे में उन्हें होम आइसोलेट करना भी आसान नहीं रहेगा।
इसी परिवार में एक रोचक मामला यह भी सामने आया है कि परिवार का एक सदस्य कुछ दिन पहले सेना से रिटायर होकर घर लौटा था, जिसमें कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसी के कांटेक्ट ट्रेसिंग के आधार पर इस की 90 वर्ष माता, 50 वर्षीय पत्नी, 16 और 19 वर्षीय बेटियां और एक नाबालिग बेटे की भी सैंपलिंग की गई थी। रविवार रात आई रिपोर्ट में पूर्व सैनिक का बेटा नेगेटिव पाया गया है। जबकि बुज़ुर्ग मां, पत्नी और दोनों बेटियां भी संक्रमित पाई हैं।