रिकांगपिओ : डॉ. सोनम ग्यालछन नेगी ने मुख्यचिकित्सा अधिकारी का पद संभाल लिया है। डॉ. पदम सिंह नेगी का स्थानांतरण बतौर उप निदेशक सवास्थ्य सेवाएं हिमाचल प्रदेश शिमला में हुआ है। इनके स्थान पर सोनम नेगी नए मुख्य चिकित्सा अधिकारी होंगे। इससे पूर्व डॉ. सोनम नेगी मुख्य चिकित्सा अधिकारी शिमला में कार्यरत थे। डॉ. नेगी ने राजधानी में अहम भूमिका में अपनी सेवाएं प्रदान की है।
म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन में स्वास्थ्य अधिकारी, स्टेट सर्वेइलैंस अधिकारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन हिमाचल प्रदेश के पद पर कार्य किया है। इनकी मेडिकल की पढ़ाई आईजीएमसी शिमला से 1995 में पूरी हुई। महाबोधि इंटर कॉलेज सारनाथ वाराणसी से इंटर की पढ़ाई की है। वह मूलतः ग्राम जंगी तहसील मुरंग ज़िला किन्नौर से संबंध रखते है। नवनियुक्त सीएमओ डॉ. नेगी ने कहा कि किन्नौर को स्वास्थ के क्षेत्र में अव्वल बनाना इनकी प्राथमिकता रहेगी। स्वास्थ्य सेवाओं में कोई कमी नहीं आने देंगे।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के कोई भी कर्मचारी व मेडिकल ऑफिसर किसी भी समय अपनी समस्या के बारे में उन्हें बता सकते है। उनकी समस्या का हल किया जाएगा। मगर उनकी सेवाओं में कोताही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी जन्मभूमि में सेवा करने का मौका मिला है, वह उसे बखूबी निभाएंगे।