रिकांगपिओ : जिला में कोविड-19 पर सरकार के आदेशों का पालन नहीं हो रहा है। बताया जाता है कि पूह पंचायत का एक व्यक्ति 6 मई को सोलन से अपने घर पहुंचा। उस दौरान बाहरी जिला से आने पर व्यक्ति को होम क्वारंटाइन के आदेश हुए थे। हैरानी तब हुई जब उक्त व्यक्ति होम क्वारंटाइन की अवधी को पूरा करने से पहले ही 15 मई को प्रशासन से ई-पास बना कर रामपुर चला गया।
पूह पंचायत के उप प्रधान सुशील साना ने मामले पर गंभीरता दिखाते हुए बताया कि इस तरह आदेशों का पालन न करना खेद का विषय है। हैरानी इस बात की है कि जिस प्रशासन ने व्यक्ति को होम क्वारंटाइन के आदेश दिए थे, उसी प्रशासन ने क्वारंटाइन की अवधी पूरी होने से पहले उसे ई-पास कैसे जारी कर दिया। उन्होंने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच करने की मांग की है। जिला में सरकारी आदेशों की अवहेलना की फेहरिस्त लंबी बताई जा रही है।
मामले पर विधायक जगत सिंह नेगी ने भी प्रतिक्रिया जताते हुए कहा कि होम क्वारंटाइन व्यक्ति को कैसे ई-पास जारी किया गया। उन सभी कर्मचारियों के प्रति भी कार्रवाई होनी चाहिए, जिन्होंने व्यक्ति का ई-पास बनाया।
उधर, मामले पर अतिरिक्त दंडाधिकारी पूह अश्वनी कुमार ने कहा है कि क्वारंटाइन अवधी के दौरान मूवमेंट करने को लेकर पनमा छेरिंग के विरुद्ध नियमों का उल्लंघन करने पर अभियोग संख्या 7/20 दिनांक 16.05.20 जेर धारा 188,270,271 भा0 द0स0 मामला दर्ज किया गया है।