चंबा : शहर के समीप चंबा-पनेला मार्ग पर एक पिकअप खाई में गिरने से दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में एक पांच वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। एक अन्य बच्ची सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रविवार को पेश आया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। हादसे में मृतक बची की पहचान ग्रेसी निवासी राजनगर के रूप में हुई।
घायलों की पहचान संजीव कुमार पुत्र चरण सिंह व निकित पुत्र संजीव कुमार निवासी गांव पलूण डाकघर बाट और सरिता पत्नी डिंपल निवासी राजनगर के रूप में हुई है। इसमें डेढ़ वर्षीय बच्चे निकित कुमार व उसके पिता संजीव कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद चंबा से टांडा मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया है। बताया जा रहा है कि ये चारों आपस में रिश्तेदार हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को सुबह के समय पिकअप में सवार होकर राजनगर से पनेला जा रहे थे। पिकअप को संजीव कुमार चला रहा था। पिकअप न्याणी के पास पहुंची तो चालक का गाड़ी पर नियंत्रण बिगड़ गया। इससे गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क कर गहरी खाई में जा गिरी। गाड़ी गिरने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग तुरंत वहां पहुंच गए। लोगों ने मदद के लिए पुलिस व 108 एंबुलेंस को फोन किया। जहां से उन्हें एंबुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।