श्री रेणुका जी : भगवान परशुराम की जन्मस्थली से लॉकडाउन में भाईचारे की अनूठी मिसाल सामने आई है। युवाओं की टोली इस मिसाल की सूत्रधार बनी है। इस मामले की खूबसूरती यह भी है कि काफी संख्या में मुस्लिम भी हैं, जिनके लिए बकायदा सहरी व इफ्तारी का इंतजाम भी किया जा रहा है, ताकि वो रमजान के महीने में रोजा से वंचित न हो जाएं।
दरअसल हुआ यूं कि हरिपुरधार क्षेत्र में करीब 60 मजदूरों को क्वारंटाइन किया गया था। बीती शाम मजदूरों को कुब्जा पवेलियन पहुंचा दिया गया। हालांकि पुलिस व प्रशासन भी इम्दाद कर रहा है, लेकिन भगवान परशुराम नवयुवक मंडल बडोण के अध्यक्ष निकुंज ठाकुर के नेतृत्व में टीम ने पूरी जिम्मेदारी उठाई। इस टीम में रवि ठाकुर, अंकुश शर्मा, शुभम गोयल, तुषार गर्ग, कपिल शर्मा व प्रवीण गर्ग शामिल हैं। टीम में शामिल प्रवीण गर्ग स्काउट मास्टर हैं, जबकि वीर सिंह स्काउटस के डीटीसी हैं।
उम्मीद है कि कश्मीरी मजदूरों को जल्द ही घर जाने की इजाजत मिल जाएगी, लेकिन शायद वो श्री रेणुका जी के कुब्जा पवेलियन में हिन्दू भाईयों की मेहमान नवाजी को नहीं भूल पाएंगे। युवाओं की टोली का कहना है कि बीती शाम विशेष वाहनों के जरिए इन मजदूरों को कुब्जा पवेलियन में ठहराया गया था। इनकी हरेक जरूरत का ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि जल्द ही इन भाईयों को अपने घर जाने की अनुमति हासिल हो जाएगी। नवयुवक मंडल के अध्यक्ष निकुंज ठाकुर का यह भी कहना है कि तमाम सदस्य खुद तो अंशदान कर ही रहे हैं, साथ ही खालाक्यार पंचायत के अलावा पुलिस व प्रशासन भी सहयोग प्रदान कर रहे हैं।