नाहन : एक्टिव केस फाइंडिंग (एसीएफ) अभियान के दूसरे दिन सिरमौर में 70,406 लोगों की स्क्रीनिंग की गई, जिसके बाद जिला में अभी तक 1,06,022 लोगों की स्क्रीनिंग हो चुकी है। इस बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए उपायुक्त डॉ. आरके परुथी ने बताया कि कोरोना वायरस को लेकर जिला में स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान चलाया गया है, जिसके अंतर्गत कोरोना संक्रमण की जांच को लेकर घर-घर जाकर सर्वे किया जा रहा है।
इसके अंतर्गत कल देर साएं तक धगेड़ा खंड में 12,049 और पच्छाद खंड में 13,374 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। इसी प्रकार, राजपुर खंड में 25,890, संगड़ाह खंड में 7945 और शिलाई खंड में 11,148 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। उन्होंने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य कार्यकर्ता महिला व पुरुष, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य के सदस्य एक दल के रूप कार्य कर रहे हैं। जिनमें आशा कार्यकर्ता भी घर-घर जा कर हरेक व्यक्ति की ट्रेवल हिस्ट्री व स्वास्थ्य की जांच कर रही है।
सर्वे का कार्य सुबह 9 से शाम 4 बजे के बीच किया जा रहा है। बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं पर्यवेक्षक संघ हिमाचल प्रदेश के महासचिव रविदत्त भारद्वाज ने बताया कि हमारे स्वास्थ्य कार्यकर्ता पूरे हिमाचल प्रदेश में इस अभियान को सफल बनाने में पुरजोर योगदान दे रहे हैं।