भुंतर : कोरोना वायरस को रोकने के प्रयास हर जगह युद्ध स्तर पर जारी हैं। भुंतर एयरपोर्ट में वायरस के बचाओ के लिए प्रतिदिन 50 मास्क इस्तेमाल किए जा रहे हैं। अब तक एयरपोर्ट के कर्मचारी 500 मास्कों का इस्तेमाल कर चुके हैं, 200 की और डिमांड है। प्रशासन ने जनता से जागरूक रहने की अपील की है। होटल, होम स्टे रेस्तरां आदि भी प्रशासन ने बंद करवा दिए। वहीं प्रोजेक्ट ऑफिसर सुरजीत सिंह का कहना है कि प्रोजेक्टों व अन्य विभागों के कर्मचारियों के लिए मास्क की डिमांड बढ़ चुकी है।
उन्होंने कहा इस समय लगभग 20 हजार की डिमांड है। डीआरडीए द्वारा स्वयं सहायता समूहों को मास्क बनाने का कार्य सौंपा गया है। भुंतर स्थित जिया की सैल्फ हैल्फ ग्रुप की महिलाएं कृष्णा देवी, शकुंतला देवी, लता देवी, राज कुमारी व बिमला मास्क बनाने में जोरों से जुटी है ताकि लोगों को मास्क से सुरक्षा चक्र में लिया जा सके। विश्व भर में फैले कोरोना वायरस से बचाव को लेकर विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं। मास्क के उपयोग को वायरस के संक्रमण से बचने के सबसे कारगर तरीकों में एक बताया गया है। इसलिए फिलहाल मास्क की भारी मांग भी है। बढ़ती मांग को देखते हुए कुल्लू ही नहीं प्रदेश व देशभर में मास्क बनाए जा रहे हैं।
बात दें भारत के अलावा पूरी दुनिया के लोगों में कोरोना वायरस का डर बना हुआ है। सरकार व स्थानीय प्रशासन लोगों को भीड़-भाड़ वाले स्थानों से बचने की सलाह दे रहा है। लोग इस दौरान मास्क का उपयोग भी करने लगे हैं, जिससे इसकी मांग काफी बढ़ गई है। प्रशासन वायरस से निपटने के लिए बड़ी मुस्तैदी से काम कर रहा है चाहे पुलिस विभाग व स्वास्थ्य विभाग हो या कोई अन्य विभाग। हिमाचल में कोरोना की दस्तक के बाद देव भूमि के लोग भी अब ख़ौफ में हैं।