रिकांगपिओ : राष्ट्रीय उच्चमार्ग पर पूह उपमंडल के दर्जनों पंचायतों व स्पिति वेली को जोडऩे वाले नवनिर्मित आकपा पुल पर वाहनों की आवाजाही न होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हैरानी की बात है कि 28 करोड़ की लागत से बना आकपा पुल 2018 से वाहनों की आवाजाही के लिए तैयार हो गया था, जिसमे रंग. रोगन तक भी कर दिया गया है। मगर पुल तैयार होने के बावजूद भी वाहनधारकों को जान हथेली पर रखकर नीचे बने अस्थाई पुल से होकर गुजरना पड़ रहा है।
पूह ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष प्रेम कुमार नेगी एवं प्रवक्ता तेजस्वी प्रकाश ने प्रशासन सहित पुल निर्माण में लगी सीमा सड़क संगठन को आड़े लेते हुए कहा कि प्रशासन की नाकामी के कारण अब तक आकपा पुल पर वाहनों की आवाजाही नहीं हो पा रही है। जिससे वाहन चालकों को अस्थाई पुल से गुजरने को मजबूर होना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पुल वर्ष 2018 में बनकर तैयार हो गया था, मगर अब तक इस पुल का उदघाटन तक नहीं हो पाया है। उन्होंने बताया कि गत वर्ष भी पूह ब्लॉक के कई गांव में सेब का सीजन खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। लोड वाहनो को अस्थाई पुल से गुजरना खतरे से खाली नहीं है। मगर प्रशासन को इस बात की कोई चिंता नही है।
हैरानी की बात है कि प्रशासन 2018 से अब तक इस पुल से वाहनो की आवाजाही सुनिश्चित नहीं कर सका है जिससे पूह उपमंडल के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेताया है कि ब्रिज की बहाली बारे जल्द उचित कदम नही उठाया गया तो कोंग्रेससड़क पर उतारने को मजबूर हो जाएगी।
उधर, सीमा सड़क संगठन स्थित पोवारी से ओसी डीके राघव के अनुसार आकपा पुल वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह से तैयार है, मगर आईआईटी रुड़की की टेस्टिंग रिपार्ट नहीं आने से समस्या आई है।अब टेस्टिंग की रिपोर्ट आने वाली है और अप्रैल माह तक पुल का उदघाटन कर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी जाएगी।