शिमला : राजधानी में कुदरत पूरी मेहरबान बन गई है। मार्च के महीने में भी यहां बर्फ का नजारा देखने को मिल रहा है। वीकेंड पर शिमला में हो रही बर्फ़बारी ने सैलानियों को झूमने पर विवश कर दिया है। जाखू का क्षेत्र बर्फ से लकदक हो गया है। रिज मैदान व माल रोड पर भी आज तड़के हल्की बर्फ़बारी का दौर चला। राजधानी से सटे पर्यटक स्थलों कुफरी व नारकण्डा में हुई भारी बर्फबारी का जनजीवन पर खासा असर देखा जा रहा है। दोनों पर्यटक स्थल बर्फ से ढक गए हैं। बर्फ़बारी का दौर अभी भी चल रहा है।
इस हिमपात से ऊपरी शिमला को जाने वाली तमाम सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। शिमला-रोहड़ू, शिमला-चौपाल के लिए एचआरटीसी की बस सेवा बीती रात से ठप्प है। व्यापक बर्फ़बारी के कारण रामपुर-शिमला नेशनल हाइवे-5 भी अवरुद्ध हो गया है। इसी तरह रोहड़ू-ठियोग सड़क खड़ापत्थर और चौपाल-शिमला सड़क खिड़की नामक स्थान पर बाधित है। हिमपात से ऊपरी शिमला की 50 से अधिक सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई है। एचआरटीसी द्वारा रामपुर व रिकांगपिओ के लिए वाया मशोबरा होकर बसें भेजी जा रही हैं। बर्फबारी के कारण पथ परिवहन निगम की कई बसें ऊपरी शिमला में फंसी हुई हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से बारिश व बर्फ़बारी हो रही है। उन्होंने अगले 24 घण्टों के दौरान मौसम के साफ होने का अनुमान जताया है।