शिमला: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि प्रदेश सरकार पूरी पारदर्शिता से जनहित में काम कर रही है। प्रदेश के लिए केंद्र सरकार द्वारा घोषित 69 नेशनल हाईवे में से 55 एनएच की डीपीआर तैयार कर ली गई है। शेष एनएच पर भी जल्द कार्य शुरू कर दिया जाएगा। 25 एनएच पर जल्द काम शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने राज्य पर कर्ज के बढ़ते बोझ के लिए पूर्व कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
मुख्यमंत्री बुधवार को राज्यपाल के अभिभाषण पर चल रही चर्चा का जवाब दे रहे थे। अभिभाषण पर चार दिन तक चली चर्चा के दौरान सतपाक्ष व विपक्ष के अनेक सदस्यों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री के जवाब से नाखुश कांग्रेस विधायकों ने सदन से वाकआउट कर दिया। विपक्ष का बुधवार को यह दूसरा वाकआउट था। इससे पहले प्रश्नकाल के दौरान कोरोना वायरस के मसले पर भी विपक्ष ने सदन से वाकआउट किया था।
जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने 69 एनएच प्रदेश के लिए घोषित किए थे। इनमें से 25 पर कार्य शुरू करने की सैंद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हवाई सेवाओं के विस्तार पर सरकार खास ध्यान दे रही है। शिमला व कांगड़ा एयरपोर्ट का जल्द विस्तार किया जाएगा विस्तार होगा। मंडी में प्रस्तावित एयरपोर्ट को जमीन तलाशी गई है और भू-अधिग्रहण की तैयारी चल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल के अंतिम दो वर्ष में 6751 करोड़ रूपए का कर्ज लिया, जबकि उनकी सरकार ने दो वर्ष में अभी तक तक केवल 3669 करोड़ रूपए के ऋण लिए हैं और उनकी सरकार वित्तीय प्रबंधन को लेकर सजग है। वहीं कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अभिभाषण में उठाए गए मुद्दों का जवाब नहीं दिया है। प्रदेश की सरकार कर्जों पर चल रही है।