सुंदरनगर : बिलासपुर जिला के गंगलोह गांव निवासी शहीदे आजम भगत सिंह के साथी रहे स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय गोकल सिंह के बीमार पुत्र सोहन सिंह की मदद को एक बार फिर से क्षत्रिय संघ सुंदरनगर आगे आया है। क्षत्रिय संघ के पदाधिकारियों में अध्यक्ष एसआर चौहान, सचिव सरन सिंह, प्रेस सचिव सुरेंद्र सिंह व मुख्य सलाहकार कृष्ण चंद्र महादेविया ने गंगलोह गांव जाकर दिव्यांग सोहन सिंह को व्हील चेयर भेंट की है। इस मौके पर उनके परिवार के सदस्य भी मौजुद रहें।
क्षत्रिय संघ के मुख्य सलाहकार कृष्ण चंद्र महादेविया ने बताया करीब तीन दशक से सोहन सिंह लकवाग्रस्त होने के कारण चलने फिरने से मोहताज है। बिलासपुर प्रशासन परिवार की कभी कभार मदद को आगे तो आता है, लेकिन परिवार को आर्थिक मदद की आवश्यकता है, जो उन्हें नहीं मिल रही है। इसलिए क्षत्रिय संघ परिवार की स्थिति को देखते हुए समय-समय पर उन्हें मदद प्रदान करने के लिए आगे आता रहा है और आगे भी यह क्रम जारी रहेगा। उन्होंने प्रदेश सरकार से भी परिवार की मदद को आगे आने का आहवान किया है।