बद्दी (एमबीएम न्यूज) : औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के भुड्ड स्थित टोरेंट फार्मा में चल रहे अनशन पर बैठे चार कामगारों की हालत बिगड़ गई है जिसके चलते पुलिस ने उन्हें ईएसआई अस्पताल काठा में भर्ती करवाया है। मंगलवार को जैसे ही कामगारों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया वैसे ही टोरेंट से निकाले गए दो अन्य कामगारों प्रमिल शर्मा हमीरपुर निवासी व नीरज कुमार चंबा निवासी ने अनशन जारी कर दिया है। प्रमिल शर्मा ने कहा कि कामगारों की मांगों को जब तक पूरा नहीं किया गया कामगार अनशन से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि कामगारों को उद्योगपति अपनी तानाशाही दिखा रहे हैं और प्रदेश के सरकारी मुलाजिम सिर्फ तमाशा देखते हैं। कामगारों ने कहा कि बीबीएन का प्रशासनिक अमला उद्योगपतियों की गोद में बैठा हुआ है जिसके चलते बीबीएन के कामगारों को न्याय नहीं मिलता और उन्हें शोषण का शिकार होना पड़ता है।
टोरेंट फार्मा में पिछले नौं दिनों से कामगारों की हड़ताल जारी है जिसके चलते प्रदेश के कामगारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आठ दिनों से भूखे प्यासे अनशन पर बैठे चार कामगारों मान सिंह चंबा, प्रदीप कुमार बिलासपुर, संजय कुमार बिलासपुर और पवन कुमार चंबा की मंगलवार को हालत काफी बिगड़ गई। इसके चलते कामगारों को ईएसआईसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां उनका अब उपचार चल रहा है। फार्मा कंपनियों के कामगारों ने बताया कि उद्योग प्रबंधन उन्हें बेवजह कंपनी से निकालने में लगा हुआ है। कामगारों के परिजनों को भी उद्योग प्रबंधन द्वारा दबाव बनाया जा रहा है। कामगारों ने बताया कि उद्योग प्रबंधन कामगारों की आवाज दबाते हैं जब भी कोई कामगार आवाज उठाने की कोशिश करते हैं तो उन्हें यह उद्योग से निकाल देते हैं।